इस्तीफे के बाद प्रमोद खारी का चुनावी बिगुल, लक्सर से चुनाव लड़ने का ऐलान

हरिद्वार | 20 जुलाई, राजीव डेरवी। उत्तराखंड की राजनीति में रविवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता और देवभूमि अधिकार मंच के संयोजक प्रमोद खारी ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के साथ ही लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा, प्रदेश सरकार और स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पर तीखे आरोप लगाए।
प्रमोद खारी ने कहा कि वर्षों तक उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को सरकार और संगठन के सामने उठाया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। उनका आरोप है कि स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने भी लक्सर क्षेत्र के कई अहम मुद्दे रखे गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब जनता की आवाज़ लगातार अनसुनी की गई, तब मजबूर होकर भाजपा छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पद या टिकट की राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा है। खारी ने दावा किया कि लक्सर की जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है और इसी विश्वास के साथ वे आगामी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रमोद खारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने और जनता के बीच जाने का पूरा अधिकार है।
इस मौके पर भाजपा नेता नमन गोस्वामी ने भी पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी, जिससे लक्सर की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रमोद खारी का यह बगावती कदम आगामी विधानसभा चुनाव में कितना असर दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *