
महाराष्ट्र | NEET परीक्षा में उम्मीद से कम अंक आने के बाद एक और छात्रा ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के जलालपुर की रहने वाली अंकिता सांगले ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
166 अंक आने के बाद तनाव में थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, अंकिता ने 21 जून को आयोजित NEET री-एग्जाम में 166 अंक हासिल किए थे। परिजनों का कहना है कि वह अपने परिणाम से बेहद निराश थी और लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी।
पढ़ाई के कमरे में उठाया खौफनाक कदम
परिवार के मुताबिक, अंकिता के लिए घर में अलग से पढ़ाई का कमरा बनाया गया था। रविवार शाम वह पढ़ाई करने के लिए कमरे में गई थी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली।
सुसाइड नोट में NEET का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें NEET परीक्षा का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एक अहम संदेश
कोई भी परीक्षा जिंदगी से बड़ी नहीं होती।
अंक केवल एक परिणाम हैं, आपकी पूरी पहचान नहीं। यदि परीक्षा, करियर या किसी भी कारण से मानसिक दबाव महसूस हो, तो अपने परिवार, दोस्तों, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। समय पर मिली मदद जिंदगी बचा सकती है।
