ओवरटेक विवाद से बढ़ा मामला, पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन और कार सवार पक्ष आमने-सामने

लक्सर: राजीव डेरवी।हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लक्सर क्षेत्र में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने चैंपियन पर फोन पर गाली-गलौज, धमकी देने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद मामले को सुलझाने के लिए फोन पर बातचीत की गई, लेकिन इस दौरान उन्हें जान से मारने, परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर धमकाया गया। आरोपों के समर्थन में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को लेकर भीम आर्मी ने भी कोतवाली पहुंचकर चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं, पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो फर्जी और एआई तकनीक से तैयार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई थी। चैंपियन का आरोप है कि राजनीतिक विरोधियों द्वारा चुनाव से पहले उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह साजिश रची जा रही है।

दूसरी ओर, चैंपियन के गनर संजय चौहान ने भी पुलिस को तहरीर देकर कार सवार लोगों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, पूर्व विधायक की गाड़ी में टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है तथा कार्रवाई की मांग की है।

मामले पर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *